रूस ने शुक्रवार दोपहर मध्य यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में कई ड्रोन से हमला किया। इस हमले में शहर के एक बड़े शॉपिंग मॉल को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई और 121 लोग घायल हुए। घायलों में 22 बच्चे शामिल हैं। 29 घायलों की हालत गंभीर बताई गई है, जिनमें पांच बच्चे भी हैं। राहत और बचाव अभियान के दौरान अधिकारियों ने आशंका जताई कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। शॉपिंग मॉल पर कितनी बार हमला हुआ? क्रिवी रिह रक्षा परिषद के प्रमुख ओलेक्सांद्र विकुल ने बताया कि शॉपिंग मॉल पर बार-बार हमले किए गए। उनके मुताबिक जेट इंजन वाले शाहेद ड्रोन बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए हमले कर रहे थे। उन्होंने शहर में और हमले होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा। क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार रूसी सेना ने क्रिवी रिह के चार जिलों में करीब 60 बार ड्रोन, तोपों और एक हवाई बम का इस्तेमाल किया। हमले में कितने लोग घायल हुए? हमले के बाद घायलों की संख्या लगातार बढ़ती गई। शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। कुछ समय बाद घायलों की संख्या 50, फिर 91 और 96 तक पहुंच गई। शाम तक अधिकारियों ने 14 लोगों की मौत और 121 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। इसके अलावा क्रिवी रिह जिले के जेलेनोडोल्स्क और ह्रुशिव्का इलाकों को भी निशाना बनाया गया। निकोपोल जिले में तीन लोग घायल हुए, जबकि सिनेल्निकोव जिले में भी दो लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई। जेलेंस्की ने हमले पर क्या कहा? क्रिवी रिह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का गृहनगर है। रूस के हमले पर जेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। …(पूरी खबर स्रोत पर पढ़ें)

मूल लेख स्रोत पर पढ़ें