दोनों आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर बाहर निकाला राम मंदिर की दान पेटिकाओं से चोरी के आरोपियों रमाशंकर मिश्रा और गणना प्रभारी रहे सुभाष श्रीवास्तव की कस्टडी रिमांड को मंजूरी मिली थी। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी और एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी बुधवार की सुबह लगभग 08:10 बजे जिला जेल पहुंचे और 15 मिनट की औपचारिकता पूरी करके उन्होंने दोनों आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर बाहर निकाला। दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद सीधे पुलिस लाइन परिसर लाया गया, जहां उनसे दोपहर तक लंबी पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर व अलग-अलग जगहों पर प्रश्न पूछे गए। उनके उत्तरों का आपस में मिलान कराया गया। रमाशंकर के पास कुछ और नकदी होने के सुराग मिलने पर दोपहर लगभग दो बजे उसे मीरापुर रामसखा बगिया स्थित उसके किराये के मकान पर ले जाया गया। वहां पर उसके पिता को भी बुलाया गया और दोनों की मौजूदगी में पूरे घर की तलाशी ली गई। सूत्रों के अनुसार इस दौरान उसके कमरे से कुछ नकदी और एक बैग बरामद हुआ है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी पुलिस ने जब्त किए हैं। हालांकि, पुलिस ने कितनी नकदी बरामद की है, इसकी तस्वीर स्पष्ट नहीं की है और विवेचना का विषय होने का हवाला देते हुए चुप्पी साध रखी है। उधर, दोपहर करीब 02:30 बजे आरोपी सुभाष श्रीवास्तव को लेकर पुलिस राम मंदिर पहुंची। उसे सीधे गणना कक्ष ले जाया गया, जहां से गणना की प्रक्रिया दोहराई गई। जांच के दौरान उस रजिस्टर का भी सत्यापन कराया, जिसमें गणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी दर्ज होती थी। …(पूरी खबर स्रोत पर पढ़ें)

मूल लेख स्रोत पर पढ़ें