पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के पास बीती देर रात अचानक फायरिंग होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर के कोचिंग कैंपस के अंदर उनका एक ब्लड सेंटर है, जबकि बाहर नाश्ते की एक दुकान स्थित है। इस नाश्ते की दुकान पर अक्सर लड़कों की भारी भीड़ जुटी रहती है। भीड़भाड़ और सुरक्षा कारणों को लेकर पहले भी कई बार खान सर के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लड़कों के बीच कहासुनी हो चुकी है।घटना मंगलवार की देर रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, नाश्ते की दुकान पर खड़े कुछ लड़कों के साथ खान सर के गार्ड की किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच, गुस्से में आकर गार्ड ने अपनी राइफल निकाल ली और फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गार्ड ने लड़कों को डराने और वहां से भगाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी।गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में सन्नाटा पसर गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना कदमकुआं थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। …(पूरी खबर स्रोत पर पढ़ें)

मूल लेख स्रोत पर पढ़ें